Featured लाइफस्टाइल हेल्थ

त्वचा-बालों के साथ ही शरीर को कई बीमारियों से दूर रखता है आंवला, जानें इसके सेवन के फायदे

amla2

नई दिल्लीः आंवला सेहत की खान होता है। हिंदू धर्म में आंवले को लेकर यह भी कहा जाता है कि इसकी उत्पत्ति भगवान विष्णु के आंसू से हुई थी। हिंदू मान्यताओं में भी आंवले का बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। इसलिए आंवले के पेड़ की पूजा भी की जाती है। आंवले का सेवन कई तरह से किया जा सकता है। इसे कच्चा भी खाया जाता है और इसका जूस भी काफी फायदेमंद होता है। इसके साथ ही आंवले का अचार, मुरब्बा और जेम भी खाया जाता है। आंवले में पाये जाने वाले पोषक तत्व शरीर की रक्षा कवच की तरह कार्य करते हैं। आंवले में सर्वाधिक मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है जो रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में काफी मददगार साबित होता है। साथ ही आंवला सेहत के साथ ही सौंदर्य का भी काफी ख्याल रखता है। आंवले के सेवन से बाल मजबूत होते है और इसमें पाया जाने वाला विटामिन सी चेहरे पर निखार लाता है। बदलते मौसम में आंवले के सेवन से वायरल इंफेक्शन दूर रहता है। इसके साथ ही आंवले के सेवन के कई और भी होते है।

नियंत्रित रखता है कोलेस्ट्राॅल
आंवले के जूस के नियमित सेवन से एक तरफ जहां शरीर स्वस्थ रहता है। वहीं यह कोलेस्ट्राॅल के स्तर को भी नियंत्रित रखता है। आंवले में पाया जाने वाले एमिनो एसिड और एंटीऑक्सीडेंट दिल की सेहत का भी ध्यान रखते हैं।

बालों में बनाये मजबूत
आंवले में प्रचुर मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है। जिससे यह बालों को मजबूत करता है। साथ ही आंवला समय से पहले बालों के सफेद होने की समस्या को भी दूर करता है। इसके साथ ही एक आंवला रोज खाने से बालों की वृद्धि भी होती है। आंवले में पाये जाने वाले एंटीबैक्टीरियल गुण रूसी की समस्या को भी दूर करते हैं।

दिमाग को करता है तेज
आंवला मस्तिष्क के स्वास्थ्य के लिए भी बेहद लाभकारी होता है। आंवला रक्त में आयरन को बढ़ाता है। जिससे मस्तिष्क को ऑक्सीजन प्रचुर मात्रा में मिलती है और इससे याद्दाश्त में भी बढ़ोत्तरी होती है। आंवला स्मरण शक्ति को बढ़ाने के साथ ही एकाग्रता में भी इजाफा करता है।

हड्डियों को बनाता है मजबूत
आंवले में कैल्शियम भी प्रचुर मात्रा में पाया जाता है। आंवला का जूस पीने से जोड़ों के दर्द में भी राहत मिलती है। आंवले में कैल्शियम की अधिकता के चलते हड्डियां भी मजबूत होती हैं।

चेहरे पर लाता है निखार
आंवले के सेवन से चेहरे पर भी निखार आता है। इसमें पाये जाने वाले विटामिन सी झुर्रियों को भी दूर करने में बेहद मददगार साबित होता है। आंवले में एंटी एजिंग, एंटी ऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल तत्व भरपूर मात्रा में पाये जाते हैं। जिससे त्वचा की रंगत में सुधार होता है। साथ ही यह त्वचा को जवां बनाये रखता है।

यह भी पढ़ें-यूपीः चोरों के निशाने पर पुलिसकर्मी, चौकी में घुसकर की लूटपाट,...

आंखों की रोशनी में होती है बढ़ोत्तरी
आंवले में पाया जाने वाला एंटी ऑक्सीडेंट गुण रेटीना को बेहद लाभकारी होता है। साथ ही इसमें पाये विटामिन सी के चलते आंखों की समस्यायें दूर होती है और आंखों की रोशनी में भी इजाफा होता है।