Featured आस्था

जन्माष्टमी के व्रत से पूरी होंगी सभी मनोकामनाएं, जानें क्यों कान्हा को खिलाते हैं माखन-मिश्री

kanhaji1

नई दिल्लीः हिंदी कैलेंडर के अनुसार भाद्रपद मास की अष्टमी तिथि को भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव पूरे देश में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस जन्माष्टमी पर भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय का योग बन रहा है, जिसे जयंती योग कहते हैं। इस साल की जन्माष्टमी पर जयंती योग बन रहा है। यह बहुत ही दुर्लभ योग है। ऐसे योग कई वर्षों में एक बार बनते हैं। इस बार जन्माष्टमी पर सर्वार्थ सिद्धियोग भी बन रहा है, जो जन्माष्टमी व्रत को सिद्ध कर मनोकामनाओं की पूर्ति का योग बना रहा है। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को बहुत ही धूम-धाम से मनाया जाता है। मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण की झाकियां बनाई जाती हैं। अष्टमी के दिन जन्मे श्रीकृष्ण को भगवान विष्णु का ही अवतार माना जाता है। भक्तजन इस दिन व्रत रखते हैं। रात को 12 बजे तक जाग कर भगवान की वंदना और स्तुति की जाती है। भगवान के जन्म के समय अर्थात रात को 12 बजे कृष्ण को माखन-मिश्री का भोग लगाया जाता है। कई जगह भगवान के लिए 56 भोग तैयार किए जाते हैं। घरों और मंदिरों में कान्हा के लिए पालना सजाया जाता है। इस दिन कान्हा जी को झूला झूलाने की भी मान्यता है।

जन्माष्टमी का शुभ मुहूर्त
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी तिथि-30 अगस्त 2021
अष्टमी तिथि प्रारम्भ-अगस्त 29, 2021 रात 11.25 बजे से
अष्टमी तिथि समापन-अगस्त 31, 2021 सुबह 1.59 बजे से
रोहिणी नक्षत्र प्रारम्भ- अगस्त 30, 2021 सुबह 6.39 बजे से
रोहिणी नक्षत्र समापन-अगस्त 31, 2021 सुबह 9.44 बजे से
निशित काल- 30 अगस्त रात 11.59 से लेकर सुबह 12.44 बजे तक
अभिजित मुहूर्त- सुबह 11.56 से लेकर रात 12.47 बजे तक
गोधूलि मुहूर्त- शाम 6.32 से लेकर शाम 6.56 बजे तक

यह भी पढ़ें-जन्माष्टमी पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने लोगों को दी शुभकामनाएं

क्यों लगाया जाता है माखन-मिश्री भोग
जन्माष्टमी के दिन भगवान कृष्ण को जन्म के समय रात 12 बजे सबसे पहले माखन-मिश्री का भोग लगाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि भगवान कृष्ण को सफेद मक्खन बहुत पसंद है। इसलिए उनकी मइया उन्हें रोज मक्खन मिश्री खिलाया करती थीं। इन रिति-रिवाजों को मानते हुए जन्माष्टमी के दिन कान्हा जी की जन्म की खुशी में भक्त मक्खन मिश्री का भोग तैयार करते हैं। मक्खन मिश्री का भोग बहुत जल्दी और आसानी से बन जाता है। इसके लिए ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं होती। बस, सफेद मक्खन में मिश्री के दाने मिलाकर कान्हा जी को भोग लगा सकते हैं।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर  पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें…)