सपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह का निधन, अखिलेश यादव ने जताया शोक

लखनऊः समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह को कोरोना संक्रमण के चलते निधन हो गया है। वह बीते 15 दिनों से वेंटिलेटर पर थे। बताया जा रहा है कि लखनऊ के मिडलैंड अस्पताल में मेदांता के चिकित्सकों की टीम उनका इलाज कर रही थी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी विनोद कुमार सिंह के निधन पर शोक जताया है।

उन्होंने कहा कि वरिष्ठ समाजवादी पार्टी नेता, कई बार के विधायक एवं पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ ‘पंडित सिंह’ का निधन अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना एवं दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना। गोंडा के नवाबगंज के बल्लीपुर के रहने वाले पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह बीते माह कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद उन्हें लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जिसके बाद उनकी तबियत में सुधार भी हुआ था और उनकी रिपोर्ट निगेटिव भी आ गयी थी। लेकिन फिर से अचानक उनकी तबियत खराब हो गयी।

यह भी पढ़ेंःकेंद्र ने जारी की राजस्व घाटा अनुदान की दूसरी किस्त, 17…

तब उन्हें कुछ दिन के लिए गोंडा के एससीपीएम अस्पताल में भी भर्ती किया गया। जहां उनकी हालत में सुधार न होते देख परिजनाें ने उन्हें लखनऊ के मिडलैंड अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां उनका इलाज चल रहा था जहां आज उन्होंने अंतिम सांसे लीं। अब पंडित सिंह के शव को लखनऊ से उनके पैतृक निवास नवाबगंज बल्लीपुर के लिए लाया जा रहा है।