अखिलेश ने लगाया आरोप, कहा-सीएम योगी के इशारे पर चुनाव लड़ने वालों का हो रहा उत्पीड़न

लखनऊः समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इशारे पर चुनाव लड़ने वालों का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा गुंडई कर रही है और मुख्यमंत्री के इशारे पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों और उनके प्रस्तावकों को नामांकन तक नहीं करने दिया जा रहा है।

अखिलेश यादव ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि सरकार के इशारे पर प्रशासन के अधिकारियों ने भाजपा से मिलकर महिला उम्मीदवारों और प्रस्तावकों तक का अपमान किया। इस सम्बंध में उन्होंने लखीमपुर खीरी की घटना का उल्लेख भी किया। सपा मुखिया ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता की तरह कार्य कर रहे प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को चिन्हित किया जा रहा है। सपा की सरकार बनने पर ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने दावा किया कि अगले वर्ष हो रहे विधानसभा के चुनाव में समाजवादी पार्टी पूरे बहुमत के साथ सरकार बनायेगी।

यह भी पढ़ेंःभारत में लॉन्च हुए Lenovo Yoga Duet 7i और Lenovo IdeaPad Duet 3i, जानें कीमत और खासियत

अखिलेश ने कहा कि भाजपा अपने को अनुशासित पार्टी होने का दावा करती है, लेकिन पंचायत के चुनावों में इस दल ने जो नंगा नाच किया, उसे प्रदेश की जनता देख रही है और विधानसभा के चुनाव में वह अपना निर्णय देगी। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में और अब ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा और योगी सरकार खुलेआम गुंडई करवा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार, मंहगाई और बेरोजगारी के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के व्यवहार और नीतियों से जनता परेशान है। उसने सरकार बदलने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने बार-बार यह दावा किया कि चुनाव बाद प्रदेश में सपा की ही सरकार बनेगी।