प्रदेश उत्तर प्रदेश Featured राजनीति

फिरोजाबाद में छात्रा की हत्या पर अजय लल्लू बोले- मिशन शक्ति खोखलेबाजी का शिकार

AJAY KUMAR LALLU

लखनऊ: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने मिशन ​शक्ति अभियान के दौरान फिरोजाबाद में घर में घुसकर छात्रा की हत्या को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि में भी बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने शनिवार को कहा कि फिरोजाबाद में छेड़खानी का विरोध करने पर 11वीं की छात्रा की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। नवरात्रि का वक्त है, मां अम्बे की पूजा हो रही है, लेकिन प्रदेश में बेटियां सुरक्षित नहीं है। पूरे ताम-झाम के साथ मुख्यमंत्री ने 'मिशन शक्ति' की शुरुआत की जो आज खोखलेबाजी का शिकार है।

बता दें, फिरोजाबाद के थाना रसूलपुर क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा की छेड़छाड़ के विरोध पर मनचलों ने देर रात घर में घुसकर मारपीट की। इसके बाद गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाकर दबिश देना शुरू कर दिया है। शनिवार सुबह दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया है।

यह भी पढ़ें- नारी सम्मान के बिना कभी खुश नहीं होंगी देवी मां : साध्वी ऋचा

थाना रसूलपुर क्षेत्र प्रेमनगर डाक बंगला गली नंबर दो निवासी अजय की पुत्री ईशु (16) की शुक्रवार देर रात घर के अंदर गोली मारकर हत्या कर दी गई। सूचना मिलते ही एसएसपी सचिन्द्र पटेल, एसपी सिटी मुकेश कुमार मिश्रा, सीओ सिटी हरिमोहन सिंह सहित कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से वारदात के सम्बन्ध में जानकारी ली। मृतक छात्रा के पिता अजय ने पुलिस को बताया कि घटना के दौरान सभी परिजन छत पर थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी कलावती स्कूल में 11वीं की छात्रा थी। जब वह घर लौट रही थी तभी कुछ युवकों ने उसे रोका था, जिसका उसने मौके पर ही जबाव दिया था। पिता ने तीन नामजद लोगों व कुछ अन्य पर घर में घुसकर बेटी की गोली मारकर हत्या का आरोप लगाया है।