देश Featured टॉप न्यूज़ राजनीति

अधीर रंजन के 'राष्ट्रपत्नी' बयान पर संसद में हंगामा, स्मृति ईरानी का तीखा हमला, कार्यवाही 4 बजे तक स्थगित

adhir_ranjan-1

नई दिल्लीः कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लेकर दिये एक विवादित बयान पर सत्तापक्ष भाजपा ने लोकसभा में जमकर हंगामा किया और कांग्रेस नेता से माफी की मांग की। वहीं सदन में हंगामे के कारण कार्यवाही 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। भाजपा ने कांग्रेस को ‘आदिवासियों, महिलाओं और गरीबों का विरोधी’ करार देते हुए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से भी इस पर माफी मांगने को कहा।

ये भी पढ़ें..अधीर रंजन के बयान को मायावती ने बताया शर्मनाक, कहा-देश से माफी मांगे कांग्रेस

सदन की बैठक 12 बजे दोबारा शुरू होते ही अध्यक्ष ओम बिरला ने शून्यकाल की कार्यवाही प्रारम्भ की। इसी बीच सत्तापक्ष के सदस्य अधीर रंजन चौधरी से अपने बयान के लिए माफी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। भाजपा सदस्य "अधीर रंजन चौधरी माफी मांगों" के नारे लगा रहे थे। सदन में हंगामा बढ़ता देख बिरला ने कार्यवाही 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

https://twitter.com/AHindinews/status/1552517436553179141?s=20&t=R4afQzp9aKjQlK7Ja0ao6g

इससे पहले, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने अधीर रंजन के बयान का ज़िक्र करते हुए उनसे माफी की मांग की। सदन में उपस्थित कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से ईरानी ने पूछा कि क्या कांग्रेस नेता चौधरी ने उनकी मंजूरी से राष्ट्रपति के लिए अपमानजनक टिप्पणी की। स्मृति ईरानी ने कहा कि सोनिया गांधी द्वारा नियुक्त नेता सदन अधीर जी ने द्रौपदी मुर्मू जी को राष्ट्र की पत्नी के रूप में संबोधित किया। यह जानते हुए कि संबोधन सर्वोच्च संवैधानिक पद की गरिमा को अटैक करता है। ये पूरा देश और दुनिया जानती है कि कांग्रेस महिला, आदिवासी और गरीब विरोधी है।

इस बीच सत्तापक्ष के सदस्य कांग्रेस नेता से माफी की मांग करते रहे। सदन में हंगामा थमता न देख बिरला ने बैठक 12 बजे तक स्थगित कर दी। बाद में कार्यवाही को 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया। बता दें कि सोनिया गांधी से ईडी पूछताछ का विरोध कर रही कांग्रेस ने शुक्रवार को भी संसद भवन परिसर में विरोध किया था। इसी दौरान एक निजी चैनल से बातचीत में लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति के लिए 'राष्ट्रपत्नी' शब्द का इस्तेमाल किया था।

(अन्य खबरों के लिए हमें फेसबुक और ट्विटर पर फॉलो करें व हमारे यूट्यूब चैनल को भी सब्सक्राइब करें)