Udaipur News : उदयपुर शहर के सुखेर थाना पुलिस ने एसओजी और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में 9 अवैध पिस्टल और 13 कारतूस के साथ 2 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पुलिस यह जानने में जुटी है कि आखिर उदयपुर में यह हथियारों की खेप किस मकसद से आई थी। आरोपितों से पूछताछ में अब तक मकसद की जानकारी सामने नहीं आई है।
अवैध हथियार के साथ पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में तौसिफ और एजाज शामिल हैं, जो मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के निवासी हैं। तौसिफ और एजाज ने मिलकर रतलाम से अवैध पिस्टल मंगवाई थीं और इन हथियारों का इस्तेमाल शहर में आपराधिक गतिविधियों के लिए होने का संदेह था। तौसिफ अपनी बहन के घर मल्लातलाई इलाके में ठहरा हुआ था और यहीं से उसने एजाज के साथ मिलकर यह हथियार मंगवाए थे। पुलिस ने कहा कि, एजाज को 4 पिस्टल के साथ रंगे हाथ पकड़ा गया, जबकि तौसिफ से 5 पिस्टल बरामद की गईं।
ये भी पढ़ें: लूट का आरोपी कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, अलर्ट मोड पर पुलिस
Udaipur News : एसपी गोयल ने दी मामले की जानकारी
गिरफ्तारी के बाद की गई पूछताछ में यह सामने आया कि दोनों आरोपित पहले भी अवैध हथियारों की आपूर्ति में शामिल थे। एसपी गोयल ने बताया कि, इन दोनों आरोपितों ने पहले एटीएस द्वारा पकड़े गए कुछ अन्य आरोपितों को भी हथियार सप्लाई किए थे, जिनमें एक आरोपित बड़ा मेवाती भी शामिल था। पुलिस का कहना है कि, सभी 9 पिस्टल बिल्कुल नई थीं और इनका अभी तक उपयोग नहीं किया गया था।