प्रदेश Featured महाराष्ट्र

पहाड़ी धसकने से मरने वालों के आश्रितों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद

101_664

मुंबई: महाराष्ट्र में पहाड़ी धसकने से मरने वालों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये आर्थिक मदद देने की घोषणा मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन घटनाओं में घायलों का सरकारी खर्च पर इलाज किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि अति मूसलाधार बारिश की वजह से राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है। साथ ही रत्नागिरी, सातारा , रायगढ़ जिलों में पहाड़ी धसकने से लोगों की मौत हुई है । मुख्यमंत्री ने कहा कि यह घटनाएं काफी दुखद हैं। मौसम में बदलाव की वजह से कई पुस्तों से पहाड़ी की गोंद में रहने वालों के घर ध्वस्त हो गए हैं। राज्य सरकार की ओर से इन घटनाओं में मृतकों के परिवार वालों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावित जिलों में राहत व बचाव कार्य जारी है।

उल्लेखनीय है कि राज्य के तीन जिलों रायगढ़, रत्नागिरि और सातारा में पहाड़ी धसकने की घटनाओं में अब तक 63 लोगों की जान जा चुकी है जबकि मलबे में 80 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। भारी बारिश के बीच मुंबई के गोवंडी इलाके में इमारत गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए हैं। इमारत के मलबे में अभी और लोगों के दबे होने की आशंका है।