जेल की दीवार गिरने से 21 बंदी घायल, दो की हालत गंभीर

भिंड: जिला जेल की बैराक की दीवार शनिवार सुबह भरभराकर गिर गई। हादसे में 21 बंदी घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसपी और आरआई जेल परिसर पहुंच गए और घायलों को अस्पताल भिजवाया। हैरत की बात यह है कि जेल परिसर में ही रहने वाले जेलर सबसे अंत में घटनास्थल पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार भिंड जेल में बैरक नंबर सात के बंदियों ने सुबह करीब 5.20 बजे जेल प्रहरी को बैरक की दीवार का प्लास्टर गिरने की सूचना दी थी। इसके बाद ही दीवार गिरने लगी। प्रहरी एवं अन्य जवानों ने वहां से बंदियों को निकालना शुरू किया लेकिन तबतक दीवार गिर गई और 21 बंदी उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें से रोहित सिंह व उदय की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

यह भी पढ़ें- यमुना नदी में स्नान के दौरान डूबे चार किशोर, तीन के शव बरामद, एक को सुरक्षित निकाला

बताया जाता है कि बैरक नंबर सात के साथ ही जेल की बैरक नंबर दो को भी नुकसान हुआ है। आश्चर्यजनक बात यह है कि जेल परिसर में ही रहने वाले जेलर ओपी पांडे तुरंत घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। जब एसपी मनोज कुमार एवं आरआई रजनी गुर्जर ने घटनास्थल पर पहुंचकर पूरे हालात को संभाल लिया, तब जेलर मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही बंदियों के परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन जेल के बाहर जमा होने लगे। लोगों ने जेल को घेर लिया और वे बंदियों से मिलवाने की मांग करने लगे। किसी तरह एसपी और आरआई ने भीड़ को संभाला।