उत्तराखंड

तीरथ सरकार के 11 मंत्रियों ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ

oath

देहरादूनः राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने शुक्रवार शाम तीरथ सिंह रावत सरकार के कुल 11 मंत्रियों को पद और गोपीयता की शपथ दिलाई। इनमें आठ कैबिनेट और तीन को राज्य मंत्री का दर्जा दिया गया है। मंत्रिमंडल में मदन कौशिक को छोड़कर सभी पुराने चेहरों को शामिल किया गया है। इनके अलावा चार नए चेहरों को भी मंत्री बनाया गया। कैबिनेट मंत्री अरविंद पाण्डे ने संस्कृत में शपथ ली।

शुक्रवार शाम राजभवन में तय कार्यक्रम के अनुसार सबसे पहले राष्ट्रगान हुआ। इसके बाद राज्यपाल मौर्य ने 11 मंत्रियों को पद और गोपीयता की क्रमवार शपथ दिलाई। इस दौरान मसूरी विधायक गणेश जोशी ने आर्मी सैलूट किया। गणेश जोशी सेना से सेवानिवृत्त हैं। मसूरी विधायक और रेखा आर्य ने पारंपरिक ड्रेस पहनकर शपथ ली। मंत्री रेखा आर्य ने कुमाऊंनी आभूषण और परिधान धारण किया हुआ था। उनका पहनावा शपथ स्थल पर देखते ही बन रहा था। मुख्य सचिव ने शपथ के लिए बारी-बारी से विधायकों के नाम बुलाये। सबसे पहले कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने शपथ ली। इसके बाद वंशीधर भगत, डॉ. हरक सिंह रावत, विशन सिंह चुफाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, सुबोध उनियाल और गणेश जोशी ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली।

यह भी पढ़ेंःपंचायत चुनाव को आप ने मैदान में उतारे प्रत्याशी, संजय बोले-केजरीवाल...

इनके अलावा धन सिंह रावत, रेखा आर्य और स्वामी यतीश्वरानंद ने राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के रूप में शपथ ली। उल्लेखनीय है कि विधायक गणेश जोशी, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष वंशीधर भगत, निवर्तमान भाजपा अध्यक्ष विशन सिंह चुफाल, यतीश्वरानंद ने पहली बार मंत्री पद की शपथ ली है। पुराने चेहरों में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, सुबोध उनियाल, यशपाल आर्य, अरविंद पांडेय, धनसिंह रावत, रेखा आर्य ने मंत्री पद की शपथ ली।