फायरिंग से समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई, इस बीच कई लोग गिरने से भी चोटिल हो गए

शासन के तमाम आदेशों के बावजूद राजधानी में हर्ष फायरिंग जारी है। जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा शुक्रवार देर रात तेलीबाग स्थित मिलेनियम क्लब में शादी समारोह के दौरान बैंक कैशियर सर्वेश और उनके साले दुर्गेश को भुगतना पड़ा। समारोह में जयमाल के दौरान नशे में धुत एक युवक ने रिवाल्वर से ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की। इसमें गोली लगने से सर्वेश और दुर्गेश घायल हो गए। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। 

इंस्पेक्टर पीजीआइ के मुताबिक उन्नाव के असरी खेड़ा गांव से कृष्ण कुमार के बेटे की बरात तेलीबाग स्थित मिलेनियम क्लब आई थी। देर रात जयमाल के दौरान डीजे पर डांस हो रहा था। इस बीच क्षेत्र के चिरैया गांव निवासी सचिन यादव पहुंचा और उसने रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के दौरान एक गोली रायबरेली निवासी बैंक कैशियर सर्वेश की जांघ में लगी, जबकि दो गोलियां उसके साले दुर्गेश निवासी उन्नाव को लगीं। दोनों खून से लथपथ होकर मौके पर ही धराशायी हो गए।

घटना से समारोह स्थल पर भगदड़ मच गई। इस बीच कई लोग गिरने से चोटिल हो गए। वहीं, सूचना पर पहुंची पीजीआइ पुलिस ने आरोपित सचिन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सचिन के पास से बरामद रिवाल्वर कब्जे में ले ली गई है। उसके शस्त्र निरस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है। 

सचिन के नाम से नहीं है लाइसेंस

इंस्पेक्टर पीजीआइ ने बताया कि पड़ताल में पता चला है कि रिवाल्वर का लाइसेंस सचिन के नाम से नहीं है। अभी तक यह नहीं जानकारी हो सकी है कि लाइसेंस किसके नाम से है। इस बात की गहनता से पड़ताल की जा रही है। अगर इसकी पुष्टि नहीं हो सकी तो सचिन के खिलाफ उसके आधार पर कार्रवाई भी की जाएगी। घायलों को ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया गया है।