लखनऊ : उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा है कि इस बात के पुख्ता इंतजाम हैं कि कोई भी भूंखा न रहे। खाटू श्याम मंदिर बीरबल साहनी मार्ग में चल रही कम्युनिटी किचन का निरीक्षण करने आए दिनेश शर्मा ने कहा कि कोरोना की महामारी से लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सरकार कटिबद्ध है।
सरकार हरसंभव उपाय कर रही है कि प्रदेश में इस बीमारी को फैलने से रोका जाए। संकट के इस दौर में लॅाकडाउन के चलते गरीबों के सामने जो रोजी रोटी का संकट आया है उनको भी सरकार मदद कर रही है।उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मंशा के अनुरूप प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में इस बात के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति भूखा नहीं रहे। इसके लिए सामाजिक संस्थाओं से भी सहयोग लिया जा रहा है और इस कार्य के लिए आगे आ रही संस्थाओं का सहयोग सराहनीय है। सूबे में सामुदायिक किचन आरंभ किए गए हैं और आज प्रदेश में एक हजार से अधिक किचन कार्य कर रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इंतजाम किया है कि मंदिरों आदि में भीड नहीं होने पाए। एक ओर जहां हिन्दू समुदाय के लोग घर में ही नवरात्रि के बडे पर्व को मना रहे हैं वहीं मुस्लिम समाज के लोग भी घरों से ही नमाज पढ रहे हैं। यह एक ऐसा संघर्ष है जिसे जनता खुद ही लड रही है। डा शर्मा ने आज खाटू श्याम मंदिर की जिस किचन का निरीक्षण किया वहां से प्रतिदिन करीब 1800 लोगों के लिए भोजन के पैकेट तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा करीब 3000 मास्क और दस हजार सेनेटाईजर का भी वितरण किया गया है। डा शर्मा ने डालीगंज, लोहिया पार्क चौक में नगर निगम की कम्युनिटी किचन का भी निरीक्षण किया।